भागलपुर में भाजपा मंडल अध्यक्ष की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, CCTV के सहारे आरोपियों की तलाश


 भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले में शनिवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की वारदात ने शहर में सनसनी फैला दी। बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज मोहल्ले में भाजपा मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू की अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब इलाके में सामान्य गतिविधियां चल रही थीं। बदमाशों ने पप्पू को निशाना बनाकर गोली चलाई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच तेज

वारदात की सूचना मिलते ही बबरगंज थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी अतुलेश झा भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरी जानकारी ली।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच जारी है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

फरार अपराधियों तक पहुंचने के लिए पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि बाइक सवार हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ